
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मुंडराडीह गांव में रविवार की देर रात हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. घात लगाए बदमाशों ने एक युवक पर हमला कर उसकी जान ले ली. मृतक की पहचान 30 वर्षीय अनाउल अंसारी के रूप में हुई है. घटना के बाबत मृतक के चाचा मो. हुसैन ने बताया की उनका भतीजा अनाउल अपनी पत्नी लाड़ली बानो के साथ पुराने घर से खाना खा कर पैदल नया घर सोने के लिए जा रहा था. इसी दौरान गांव की मस्जिद के पास पहले से मौजूद मो. मकसूद ओर उसके परिवार के लोगों ने अचानक अनाउल को पकड़ लिया ओर मकसूद ने अनाउल के ऊपर ताबड़तोड़ चाकू से वार करना शुरु कर दिया. वारदात इतनी तेज थी कि वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा. पत्नी के चीखने-चिल्लाने के बाद हम सभी लोग ओर ग्रामीण दौड़ कर मौक़े पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे गिरिडीह सदर अस्पताल लाएं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अनाऊल के परिजनों का कहना है कि यह हत्या पूरी तरह साजिश के तहत की गई है. अनाउल के पिता मो. जमाल अंसारी ने आरोप लगाया कि हमलावर वारदात के तुरंत बाद फरार हो गए. इधर, मामले की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे.
