
जमशेदपुर : साकची को जाम से निजात दिलाने के लिए डीसी कर्ण सत्यार्थी और एसएसपी पीयूष पांडे ने शुक्रवार को साकची बाजार क्षेत्र का जायजा लिया। अधिकारियों ने बाजार के अलावा स्ट्रेट माइल रोड और आमबागान क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। स्ट्रेट माइल रोड पर अक्सर जाम लगता है। इधर से गुजरना मुश्किल होता है। इसी को लेकर अधिकारी क्षेत्र को जाम मुक्त करने की कवायद में जुटे हुए हैं।
डीसी ने कहा कि स्ट्रेट माइल रोड पर भी काफी अतिक्रमण है। साकची बाजार में भी अतिक्रमण है। इसके चलते आवागमन में दिक्कत हो रही है। डीसी ने जेएनएसी के उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार को निर्देश दिया कि वह क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराएं। ताकि, लोगों को आवागमन में सुविधा हो।
डीसी ने बताया कि जमशेदपुर को जाम मुक्त करने की कवायद शुरू की गई है। इसी को लेकर प्लान तैयार होगा। इसी सिलसिले में वह निरीक्षण पर निकले हैं।
एसएसपी ने कहा कि स्ट्रेट माइल रोड पर जो ऑटो स्टैंड है, उसके संगठन से भी बात की जाएगी। अगर संभव होगा तो ऑटो स्टैंड का स्थान बदलने की भी वैकल्पिक व्यवस्था होगी। ताकि, स्ट्रेट माइल रोड को जाम मुक्त किया जा सके। त्योहारों पर भी साकची बाजार में भयंकर जाम लग जाता है। अधिकारी साकची को जाम मुक्त करने की कोशिश में जुटे हुए हैं ताकि त्योहारों में आवागमन में दिक्कत नहीं हो।
