
जमशेदपुर : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को घोड़ाबांधा पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर झामुमो के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सीएम ने कहा कि “रामदास सोरेन के निधन से झारखंड की राजनीति को बहुत बड़ी क्षति हुई है। उन्होंने कोल्हान की राजनीति में विशेष मुकाम हासिल किया था। उनके निधन से झामुमो का हर एक कार्यकर्ता गमगीन है।”
मुख्यमंत्री ने परिजनों से करीब आधे घंटे तक मुलाकात की और शोकसंतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने रामदास सोरेन की पत्नी और बेटे से भी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि यह गम का माहौल है, और ऐसे समय में घाटशिला विधानसभा से चुनाव को लेकर चर्चा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपना अभिभावक खोया है और पूरी पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
