
चोरों ने एक ही रात में श्री हनुमान मंदिर, श्री वीवीएस गणेश मंदिर और टीओपी परिसर स्थित जटाधारी शिव मंदिर को निशाना बनाया। तीनों मंदिरों से चांदी के मुकुट, छत्र, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। अनुमानित नुकसान दो लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
श्री वीवीएस गणेश मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर अर्धनग्न अवस्था में, हाथ में रॉड लिए मंदिर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। उसने मंदिर की छह दान पेटियों को तोड़कर नकदी भी उड़ाई। फुटेज के आधार पर पुलिस को आरोपितों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।
चोरी की सूचना मिलते ही हनुमान मंदिर प्रबंधन समिति के महासचिव राजेश मणि त्रिपाठी समेत अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और टेल्को थाना को घटना की जानकारी दी। मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग भी जुटे और उन्होंने इस वारदात पर गहरा आक्रोश जताया।
घटना के बाद भाजपा नेता अंकित आनंद ने ट्वीट कर जमशेदपुर पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की। पुलिस के वेरिफाइड ट्विटर हैंडल से जवाब मिला कि मामले में संज्ञान लिया गया है और कार्रवाई जारी है।
इस घटना के बाद धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह चोरी न केवल आस्था पर चोट है, बल्कि यह पुलिस प्रशासन को सीधी चुनौती भी है। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए।
पुलिस का कहना है कि वे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर रही है और जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।

