अटल मोहल्ला क्लिनिक के नाम बदलने के विरोध में भाजयुमो जमशेदपुर महानगर ने किया मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन, फैसला वापस लेने की मांग की

Spread the love

जमशेदपुर। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर संचालित अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लिनिक किए जाने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा जमशेदपुर महानगर द्वारा शनिवार को जुबिली पार्क गोलचक्कर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजयुमो जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में युवा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में इस निर्णय को अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान और जनभावनाओं का अपमान बताया। आक्रोश प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और इस निर्णय को झारखंड की आत्मा और आदिवासी अस्मिता पर कुठाराघात बताया।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष नितीश कुशवाहा ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी पूर्व प्रधानमंत्री होने के साथ झारखंड राज्य के जनक हैं। उनकी दूरदर्शिता और अटल इरादों के कारण वर्षों पुरानी अलग राज्य की लंबित मांग साकार हुई। परंतु उनके नाम पर संचालित योजनाओं के नाम बदलना तुष्टिकरण की ओछी राजनीति है, जिसे झारखंड की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो युवा मोर्चा सड़क पर उतरकर उग्र जनआंदोलन छेड़ेगा।

इस मौके पर शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. राजीव कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जटाशंकर पांडेय, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत कुमार, मोर्चा के कोल्हान प्रभारी अमिताभ सेनापति, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सागर राय, धर्मेंद्र प्रसाद, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री सोनू ठाकुर, शैलेश गुप्ता, अमित मिश्रा, ओबीसी मोर्चा जिला प्रभारी सुजीत वर्मा, गौतम प्रसाद, बिरेन महतो, अनमोल वर्मा, मनोज सिंह समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *