
जमशेदपुर झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के जमशेदपुर वन प्रमंडल की ओर से शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर वॉक-ए-थॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वॉक-ए-थॉन में जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम अंसारी, एएफओ भीमत कुमार समेत वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
वॉक-ए-थॉन के माध्यम से लोगों को पेड़ लगाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश और पेड़ लगाने की अपील वाले कटआउट लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजन का उद्देश्य आम लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।