तमाड़ में तीन ट्रकों की भीषण टक्कर, 6 घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक; पुलिस ने किया रेस्क्यू ।

बुंडू अनुमंडल के तमाड़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर तीन ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो ट्रकों के चालक अपने-अपने केबिन में बुरी तरह फंस गए। एक चालक को कुछ देर की मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे चालक को करीब छह घंटे बाद रेस्क्यू किया जा सका।
जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर से रांची की ओर एक ट्रक जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक की आगे चल रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पीछे से आ रहे तीसरे ट्रक ने भी दूसरे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। तीनों ट्रकों की टक्कर के बाद दूसरे और तीसरे ट्रक के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद तमाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दूसरे ट्रक के चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि हादसे में उसका पैर टूट गया है। घायल चालक को इलाज के लिए तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं तीसरे ट्रक का चालक सबसे ज्यादा देर तक केबिन में फंसा रहा। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से करीब छह घंटे बाद उसे बेहद मुश्किल हालात में केबिन से बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *