संयुक्त सर्च अभियान में बड़ी सफलता, माओवादी ठिकानों से AKM और इंसास राइफल समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद


जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जमशेदपुर पुलिस, कोबरा बटालियन, कोलकाता एसटीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी और कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में व्यापक सर्च अभियान चलाया। सुबह 5 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस अभियान में सुरक्षा बलों ने माओवादी संगठन से जुड़े ठिकानों से हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया।
पुलिस के अनुसार यह अभियान भाकपा माओवादी से संबंधित मंगल महतो और मालती मुर्मू की निशानदेही पर संचालित किया गया। अभियान के दौरान दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में चिन्हित संदिग्ध स्थलों की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने छिपाकर रखे गए हथियारों और कारतूसों का जखीरा बरामद किया।
कुड़लुंग पहाड़ क्षेत्र से एक इंसास राइफल बरामद की गई, जबकि चाकुलिया के जोभी जंगल से एक AKM राइफल, 232 राउंड गोलियां, पांच मैगजीन और एक सीलिंग बरामद की गई। इस प्रकार अभियान में कुल दो राइफल, 232 चक्र गोली, पांच मैगजीन और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
इस संयुक्त अभियान में पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार, चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित जमशेदपुर पुलिस के कई अधिकारी शामिल थे। वहीं कोबरा-209 और कोबरा-203 की टीमों, झारखंड जगुआर तथा कोलकाता एसटीएफ के जवानों ने भी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने बरामद हथियारों और गोला-बारूद को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *