
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराध नियंत्रण तथा बेहतर पुलिसिंग के मद्देनजर पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। जिले के 26 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण एवं नई जगह पदस्थापन किया गया है। इस संबंध में जिला आदेश संख्या 1559/2026 जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, कई थाना प्रभारियों को बदलते हुए अलग-अलग थाना एवं पुलिस प्रतिष्ठानों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। आजादनगर, सोनारी, गोलमुरी, परसुडीह, मानगो, कदमा, कोवाली, मुसाबनी, डुमरिया और बरसोल समेत कई थाना क्षेत्रों में नए थाना प्रभारी पदस्थापित किए गए हैं।
आदेश के तहत पु०नि० चंदन कुमार को आजादनगर थाना प्रभारी से पुलिस केंद्र गोलमुरी भेजा गया है, जबकि पु०नि० राजन कुमार को साइबर अपराध थाना से आजादनगर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं पु०नि० मधुसूदन दे को सोनारी थाना प्रभारी से साइबर अपराध थाना भेजा गया है।
इसके अलावा संजय सुमन को सोनारी थाना प्रभारी, प्रशांत कुमार सिंह को गोलमुरी थाना प्रभारी, राजेन्द्र कुमार मुंडा को परसुडीह थाना प्रभारी और भूषण कुमार को घाटशिला थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं अविनाश कुमार को साइबर अपराध थाना, नित्यानंद प्रसाद को यातायात थाना प्रभारी साकची तथा वीरेन्द्र कुमार को मानगो थाना प्रभारी बनाया गया है। आदेश में ग्रामीण क्षेत्र के कई थानों में भी नए अधिकारियों की पदस्थापना की गई है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी पदाधिकारियों को अपने नए पदस्थापित थाना या पुलिस प्रतिष्ठान में तत्काल योगदान देते हुए प्रभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
यह फेरबदल जिले में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।