
सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित फॉरेस्ट इलाके के घने जंगल से मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी उस समय हुई जब आसपास के बच्चे जंगल में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद जंगल के अंदर चली गई। गेंद तलाशने पहुंचे बच्चों की नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी, जिसके बाद वे घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों के माध्यम से कपाली ओपी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका ने लाल रंग की नाइटी पहन रखी थी। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला जंगल तक कैसे पहुंची, वह किस क्षेत्र की रहने वाली थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ महिला की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। हालांकि जिस परिस्थितियों में शव बरामद हुआ है, उसे देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आत्महत्या, हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाने या अन्य किसी कारण की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतका की पहचान और घटना की सच्चाई सामने आ सके।