राहुल बच्चा हत्याकांड में मुख्य आरोपी विक्की सिंह गिरफ्तार, पुलिस ने बिरसानगर से दबोचा

Spread the love


जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे हुए चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के नामजद मुख्य अभियुक्त विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू (24) को पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर 12 जुलाई को उसे दबोच लिया।
घटना में राहुल बच्चा पर डंडे, पत्थर और लकड़ी से हमला करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के भाई के बयान पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
पुलिस ने इससे पहले इस हत्याकांड में साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अब मुख्य आरोपी विक्की सिंह की गिरफ्तारी को जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस पूछताछ के दौरान विक्की सिंह ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसके विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में सिदगोड़ा थाना में चोरी एवं चोरी का माल रखने से संबंधित मामला, वर्ष 2023 में मानगो थाना में सरकारी कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में केस तथा वर्ष 2025 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत भी मामला दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *