
झरिया : थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ के समीप शराब दुकान के पास रविवार रात कुछ युवकों द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना पर पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार पुलिस शरारती तत्वों को वहां से हटाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक ने झरिया थाना की पेट्रोलिंग जीप संख्या JH 10 AE 8902 पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से जीप का शीशा टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार दल-बल के साथ कतरास मोड़ पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार गुलगुलिया पट्टी में शादी समारोह चल रहा था। बताया जा रहा है कि उसी समारोह में शामिल कुछ युवक शराब दुकान के पास हंगामा कर रहे थे। फिलहाल झरिया पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।