गिरिडीह साइबर अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, ग्रामीणों ने किया पथराव, आरोपी को छुड़ाया

Spread the love

गिरिडीह: जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहन पर जमकर पथराव किया गया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए। हालांकि घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं ग्रामीणों की भीड़ का फायदा उठाकर साइबर अपराधी पुलिस गिरफ्त से फरार हो गया।
घटना बुधवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम चिकसोरिया गांव पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर अपराधी चूरामन मंडल गांव में मौजूद है। बताया जाता है कि चूरामन मंडल चमलिट्टी गांव का रहने वाला है और अपनी ससुराल चिकसोरिया आया हुआ था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चूरामन मंडल को पकड़ भी लिया था, लेकिन इसी दौरान गांव में हल्ला हो गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और पुलिस टीम को घेर लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने लाठी-डंडे के साथ पुलिस पर हमला कर दिया और पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों को वहां से पीछे हटना पड़ा। इसी अफरा-तफरी के बीच आरोपी को ग्रामीण छुड़ाने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही गांडेय इंस्पेक्टर समेत कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने बताया कि साइबर अपराधी की गांव में मौजूदगी की सूचना मिलने पर टीम कार्रवाई के लिए गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी भी कर ली गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर पथराव शुरू कर दिया। किसी तरह पुलिसकर्मी वहां से निकले, लेकिन पथराव में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में अहिल्यापुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *