
पंच मंदिर के समीप दर्दनाक हादसा, मुस्कान की मौत से उग्र हुई भीड़; ट्रक में तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव के बाद फायरिंग
सुबह खैरा बाजार में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब कोचिंग पढ़ने जा रही एक छात्रा तेज रफ्तार गिट्टी लदे हाईवा की चपेट में आ गई। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो उठा।
मृतक छात्रा की पहचान बरियारपुर गांव निवासी जितेंद्र रावत की पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मुस्कान रोजाना की तरह सुबह करीब सात बजे साइकिल से कोचिंग पढ़ने खैरा आ रही थी। जैसे ही वह खैरा बाजार स्थित पंच मंदिर के समीप पहुंची, तेज रफ्तार हाईवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि छात्रा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मुस्कान की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। गुस्साए लोगों ने हाईवा में तोड़फोड़ शुरू कर दी और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोश बढ़ता गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने पुलिस और थाना परिसर को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग की।
इधर, मुस्कान की मौत से उसके घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई में मेधावी थी और अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करना चाहती थी। कोचिंग से लौटने के बाद घर के कामों में भी मां का सहयोग करती थी। उसकी असमय मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
फिलहाल खैरा बाजार में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं, एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहनों के संचालन और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की कार्यशैली सवालों के घेरे में है।
कैमरे की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर है—क्या मुस्कान को न्याय मिलेगा और ऐसे हादसों पर रोक लग पाएगी?