केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की पहल पर प्रशासन ने शहर के विभिन्न घाटों पर मरम्मती कार्य की शुरुआत की समिति ने चैती छठ एवं रामनवमी शोभायात्रा के दौरान घाटों पर निर्माण कार्य रोकने की मांग की

जमशेदपुर आगामी चैती छठ महापर्व और रामनवमी शोभायात्रा के सुचारू आयोजन को लेकर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की सक्रियता रंग लाई है। समिति के पदाधिकारियों द्वारा घाटों की बदहाल स्थिति और अव्यवस्थाओं को लेकर जताई गई चिंता पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के पदाधिकारियों के संग घाटों के निरीक्षण कर व्याप्त समस्याओं के समाधान की शुरुआत कर दी। समिति ने घाटों पर सफाई, लाइटिंग, पुल निर्माण के अवशेषों की सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुधारों की मांग की थी। बुधवार को जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने घाटों का निरीक्षण किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। इस दौरान घाटों पर स्वच्छता अभियान तेज कर दिया गया, घाटों पर समुचित लाइटिंग की व्यवस्था और पुल निर्माण के अवशेष हटाने का कार्य भी प्रारंभ करवा दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने जिला प्रशासन से घाटों पर चल रहे निर्माण कार्यों को पर्व समाप्त होने तक अस्थायी रूप से रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा और छठ महापर्व के दौरान हजारों श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, ऐसे में निर्माण कार्य से असुविधा और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी।

वहीं, जिला प्रशासन ने समिति के पदाधिकारियों को आश्वत किया कि समिति द्वारा संज्ञान में लायी गयी सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा, ताकि चैती छठ और रामनवमी शोभायात्रा का आयोजन निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।

इस दौरान केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह, प्रमोद तिवारी, शिव शंकर सिंह, रामकुमार सिंह, संतोष कालिंदी, मनीष कुमार, बिपिन झा, विनय कुमार व अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *