
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन, लैपटॉप, घड़ी समेत चोरी के कई सामान बरामद किए हैं। आरोप है कि दोनों ने जोन नंबर तीन में विजय गार्डेन के पास स्थित श्रेष्ठम स्वीट्स दुकान और टॉम जिम का ताला एवं शीशा तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ में जून महीने में जोन नंबर चार की एक सीमेंट दुकान में चोरी की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है। मामला बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर तीन का है, जहां विजय गार्डेन के पास स्थित श्रेष्ठम स्वीट्स दुकान और टॉम जिम में चोरी की घटना सामने आई थी। चोरों ने दुकान का ताला और शीशा तोड़कर अंदर रखे रुपये, स्मार्टफोन, लैपटॉप, चॉकलेट और ड्राई फ्रूट्स समेत अन्य सामान चोरी कर लिए थे। इस मामले में 20 अक्टूबर को बिरसानगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल सामड नामक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन, एक लैपटॉप, टाइटन कंपनी की घड़ी, टॉर्च, चॉकलेट, खजूर और पूजा की थाली समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किए गए ताला काटने के औजार, इलेक्ट्रिक कटर मशीन, हथौड़ी, साबल, रेंच, पेचकस और ताला तोड़ने वाली रॉड भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान जून महीने में बिरसानगर के जोन नंबर चार स्थित एक सीमेंट दुकान में चोरी की घटना में भी दोनों की संलिप्तता सामने आई है। इस दुकान से चोरी किए गए दो स्मार्टफोन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार राहुल सामड का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ टेल्को थाने में वर्ष 2020 और 2022 में चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं।