
जमशेदपुर में मोबाइल छिनतई और चोरी की मोटरसाइकिल की खरीद-बिक्री के मामले में परसुडीह थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एप्पल आईफोन 15 प्रो मैक्स, मोटोरोला और सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन के साथ दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इनमें एक मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दुर्गा पूजा के दौरान बिरसानगर थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर राह चलते लोगों से मोबाइल छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। वहीं, बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल सीतारामडेरा से चोरी करने की बात भी सामने आई है। दरअसल, 27 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के मुरुम मैदान के पास कुछ लोग छिनतई के मोबाइल और चोरी की मोटरसाइकिल की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने छापेमारी कर सोपोडेरा निवासी समीर मुखी और सुखलाल गगराई को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान समीर मुखी के पास से एप्पल आईफोन 15 प्रो मैक्स और घटना में इस्तेमाल की गई ओलिव ग्रीन रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। वहीं, सुखलाल गगराई के पास से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल मिला। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बिना नंबर प्लेट वाली एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और सैमसंग कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया है।पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने दुर्गा पूजा के दौरान बिरसानगर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल से अलग-अलग स्थानों पर राह चलते लोगों के मोबाइल छीनने की बात बताई है। बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल सीतारामडेरा से चोरी की गई थी। गिरफ्तार समीर मुखी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ टाटानगर थाना में वर्ष 2026 में मामला दर्ज है।