
जमशेदपुर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जमशेदपुर में दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया. इसी कड़ी में मानगो के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन और मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए. इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का देश के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है. महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता आंदोलन की नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और दृढ़ नेतृत्व की मिसाल कायम की. उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार और आदर्श आज भी समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उपायुक्त ने लोगों से गांधीजी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को अपने जीवन में उतारने तथा शास्त्रीजी के कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की. वहीं मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि महात्मा गांधी का स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है. लाल बहादुर शास्त्री का सादा जीवन और देश के प्रति समर्पण हमें जनसेवा को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है. इस दौरान उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया.