बाराद्वारी फायरिंग कांड में दो गिरफ्तार, हथियार उपलब्ध कराने का आरोप


जमशेदपुर सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में आबिद हुसैन पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काशीडीह निवासी असमुलु और साकची निवासी दशरथ शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात आबिद हुसैन अपने घर के सामने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद स्कूटी सवार युवक ने आबिद पर गोली चला दी। घटना के दौरान करीब चार राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। इनमें दो राउंड हवाई फायरिंग और दो गोलियां आबिद को लगने की जानकारी है।
फायरिंग में घायल आबिद को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के क्रम में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दशरथ शुक्ला द्वारा हथियार उपलब्ध कराए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस इस जानकारी की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।
पुलिस हथियार की बरामदगी के साथ ही फायरिंग में दोनों आरोपियों की वास्तविक भूमिका का पता लगाने में जुटी है। घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *