
जमशेदपुर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एआईटीयूसी) की ओर से संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा और त्याग के विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साथी आरएस राय ने स्वतंत्रता आंदोलन में महात्मा गांधी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देशवासियों को एकजुट किया और अंग्रेजी शासन के खिलाफ व्यापक आंदोलन खड़ा किया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में कम्युनिस्टों की भूमिका का भी उल्लेख किया और कहा कि कई आंदोलनों में कम्युनिस्ट और कांग्रेस कार्यकर्ता साथ-साथ संघर्ष करते थे। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में भी गांधीजी के सत्य, अहिंसा और त्याग के मार्ग को अपनाने का आह्वान किया।
लीगल सेल के सचिव गिरीश सिंह ने कहा कि धोती और लाठी के सहारे चलने वाले गांधीजी ने पूरे देश के लोगों को एकजुट कर अंग्रेजी शासन के खिलाफ कई आंदोलनों का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में आम लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में व्यापक भागीदारी की।
एआईटीयूसी के उप-महासचिव हीरा अरकने ने गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा और त्याग के उनके सिद्धांतों के लिए देश हमेशा उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज और देश में बदलाव के लिए अहिंसा के मार्ग को अपनाना जरूरी है।
सीपीआई के जिला सचिव अम्बुज ठाकुर ने कहा कि गांधीजी के विचारों को आत्मसात करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए पार्टी लगातार प्रयास करती रहेगी। उन्होंने अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को एकजुट रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में एआईटीयूसी लीगल सेल, सीमेंट कामगार यूनियन, ब्लू स्कोप कामगार यूनियन, टाटा पावर मजदूर यूनियन, जमशेदपुर मजदूर यूनियन और ऑल इंडिया पीएनबी इंप्लाइज एसोसिएशन के सदस्य एवं प्रतिनिधियों ने महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर एडवोकेट शशि भूषण सिंह, दिलीप कुमार महतो, कॉमरेड रामजीवन कामत, सत्येंद्र सिंह, निगमानंद पॉल, विजय कुमार पाठक, रेणु मुर्मू, सरकार किस्कू, मोहम्मद जफर खान, हुसैन अंसारी समेत बड़ी संख्या में मजदूर और कार्यकर्ता मौजूद रहे।