शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप, निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी



धनबाद शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने और विरोध करने पर निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मुनीडीह की रहने वाली 32 वर्षीय महिला ने सरायढेला थाना में लिखित शिकायत देकर गांधी नगर निवासी अश्विनी कुमार शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला ने आरोपी पर शादी का भरोसा देकर अलग-अलग शहरों और होटलों में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है।
महिला के अनुसार, वर्ष 2022 में हैदराबाद जाने के दौरान उसकी मुलाकात अश्विनी कुमार शर्मा से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी तो आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिया। इसके बाद हैदराबाद, मुंबई और सरायढेला थाना क्षेत्र के एक होटल में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। बाद में महिला को जानकारी मिली कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। आरोप है कि इसके बावजूद वह अपनी पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी करने का आश्वासन देता रहा।
पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि जनवरी 2026 में भी आरोपी ने तलाक से संबंधित दस्तावेज दिखाकर उसे भरोसे में लिया और सरायढेला के एक होटल में उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद दिल्ली और वृंदावन के विभिन्न होटलों में भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए जाने का आरोप है।
महिला का आरोप है कि जब उसे आरोपी के वादों पर संदेह हुआ तो उसने पहले महिला थाना में शिकायत की थी। इसके बाद आरोपी ने दोबारा संपर्क कर कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी। अब महिला उससे दूरी बनाने का प्रयास कर रही है, लेकिन आरोपी निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दबाव बना रहा है।
शिकायत के मुताबिक, महिला के कुछ निजी फोटो इंस्टाग्राम और वाट्सएप के माध्यम से परिचित लोगों को भेजे जाने का भी आरोप है। पीड़िता ने सरायढेला पुलिस से आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
15 दिन पहले धनसार में भी आया था मामला
धनबाद में सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग का एक मामला करीब 15 दिन पहले धनसार थाना क्षेत्र में भी सामने आया था। आरोप था कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एक युवती को उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी गई। बाद में आरोपी ने कथित रूप से तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दी थीं।
इस मामले में धनसार पुलिस की विशेष टीम ने बिहार के मोतिहारी में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी दो बार पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ, जिसके बाद उसे मोतिहारी के समीप नेपाल सीमा क्षेत्र से पकड़ा गया।
सरायढेला का ताजा मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया के जरिए निजी तस्वीरों और वीडियो का दुरुपयोग कर ब्लैकमेलिंग करने की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। ऐसे मामलों में पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *