
जमशेदपुर शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा करने झारखंड के डीजीपी तदास मिश्रा गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचे। डीजीपी ने जमशेदपुर के अलावा सरायकेला-खरसावां जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में दोनों जिलों में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं, उनके अनुसंधान, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा पुलिस की ओर से अपराध नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली गई। डीजीपी ने अधिकारियों से संवेदनशील इलाकों और अपराध प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की।
समीक्षा बैठक के दौरान लंबित मामलों के निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, गश्त व्यवस्था और अपराध की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई। डीजीपी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक में जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी के जमशेदपुर दौरे को हाल के आपराधिक घटनाक्रम के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।