
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। केनरा बैंक में हुई बड़ी डकैती की घटना के ठीक अगले दिन अपराधियों ने गोलमुरी बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान का वेंटिलेटर तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार गोलमुरी बाजार स्थित आरती ज्वेलरी में गुरुवार देर रात चोरी की घटना हुई। दुकान संचालक जगत जीवन राज ने बताया कि उनकी दुकान में सोने-चांदी के आभूषणों की मरम्मत का कार्य किया जाता है। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान के वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कीमती गहनों तथा नकद राशि पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
शुक्रवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और वेंटिलेटर टूटा हुआ मिला। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना गोलमुरी थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई बड़ी डकैती ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। बैंक डकैती के महज 24 घंटे के भीतर उसी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लगातार दो दिनों में हुई बड़ी आपराधिक घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस पर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का दबाव भी बढ़ गया है।