
जमशेदपुर: शहर में अवैध जुआ और लॉटरी के कारोबार के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकद राशि, लॉटरी बोर्ड, मोबाइल फोन, डायरी और जुआ-लॉटरी से जुड़े कई दस्तावेज बरामद करने का दावा किया है। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने पूरे मामले की जानकारी दी।
सिटी एसपी ने बताया कि साकची थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिरसा मुंडा टेम्पो स्टैंड और मुर्गा लाइन के आसपास अवैध रूप से लॉटरी और जुआ का संचालन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में होमपाइप कल्याण नगर निवासी नीरज कुमार सिंह (30), काशीडीह निवासी दिलीप पासवान (28) तथा होमपाइप निर्मल नगर निवासी अरविंद कुमार सिंह (32) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से दो लॉटरी बोर्ड, 2510 रुपये नकद, विभिन्न अंकों और नंबरों से भरी कॉपी, एक मोबाइल फोन तथा एक मोबाइल में कथित रूप से संचालित ऑनलाइन लॉटरी एप से संबंधित स्क्रीनशॉट बरामद किया गया है। इस मामले में साकची थाना कांड संख्या 70/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इधर, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में भी पुलिस ने अवैध जुआ संचालन की सूचना पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही कुछ लोग अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरसानगर निवासी राहुल कुमार (32) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके पास से 1820 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल, पॉकेट डायरी, नोटबुक तथा जुआ-लॉटरी में इस्तेमाल होने वाला पेपर चार्ट बरामद करने का दावा किया है। इस संबंध में सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 104/2026 दर्ज किया गया है।
सिटी एसपी ने बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध जुआ और लॉटरी के कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।