घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन की एस्कॉर्ट गाड़ी पलटी, चार सुरक्षाकर्मी घायल; रोहित वर्मा को लगी अधिक चोट

घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन की सुरक्षा में तैनात एस्कॉर्ट वाहन बुधवार देर शाम पिपला के पास एनएच-33 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन सवार चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है, हालांकि रोहित वर्मा को अन्य की तुलना में अधिक चोट लगी है।
जानकारी के अनुसार, विधायक की सुरक्षा के लिए एक स्कॉर्ट वाहन उपलब्ध कराया गया है। स्कॉर्पियो में सुरक्षा बल के जवान चलते हैं, जबकि विधायक अपने निजी वाहन से यात्रा करते हैं। बुधवार शाम स्कॉर्पियो पिपला के पास पहुंची थी। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। घायल जवानों में चालक आशीष शर्मा, रोहित वर्मा तथा बॉडीगार्ड पोलिश किस्कु और सुरई हेंब्रम शामिल हैं। सभी का अस्पताल में इलाज कराया गया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद विधायक सोमेश सोरेन ने भी घायलों की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। अस्पताल में प्राथमिक जांच के दौरान रोहित वर्मा को अपेक्षाकृत अधिक चोट लगने की बात सामने आई, जबकि बाकी तीनों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में जेएमएम कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए। इधर, गालूडीह पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर पलटा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *