
कांड्रा: कांड्रा थाना अंतर्गत एचपी पेट्रोल पंप के सामने रेलवे लाइन के किनारे पोल संख्या 389/S11 और S13 के बीच शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ. युवक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है. उसके सिर के दाहिने तरफ चोट के निशान बताए जा रहे हैं.जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे एक गुड्स ट्रेन के चालक ने अप लाइन के बीच शव पड़े होने की सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी. सूचना मिलने के बाद कांड्रा आरपीएफ की टीम रात में मौके पर पहुंची और रेलवे परिचालन को देखते हुए शव को अप लाइन के बीच से हटाकर लाइन के किनारे कर दिया.इसके बाद शनिवार सुबह कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई. पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं. साथ ही युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है.फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है अथवा किसी अन्य कारण से. पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.