एमएमडी आर संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन एमएमडीआर संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो का राज्यव्यापी प्रदर्शन, प्रखंड मुख्यालयों पर दिया धरना


जमशेदपुर : केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित एमएमडीआर (खनिज एवं खनिज विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शनिवार को राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन किया। इस क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया।
पार्टी के पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत जमशेदपुर प्रखंड मुख्यालय में भी विधायक संजीव सरदार के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संशोधन विधेयक को वापस लेने की मांग उठाई।
धरना को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया एमएमडीआर संशोधन विधेयक राज्य के हितों के अनुकूल नहीं है और झामुमो इसका विरोध करती है। उन्होंने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों और स्थानीय अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से इस विधेयक को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने कहा कि यह मुद्दा राज्य के प्राकृतिक संसाधनों और जनता के अधिकारों से जुड़ा हुआ है। पार्टी ने संकेत दिया कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने यह भी कहा कि संशोधन विधेयक वापस नहीं होने तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा। झामुमो नेताओं ने दावा किया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयोजित धरना-प्रदर्शन को कार्यकर्ताओं और आम लोगों का व्यापक समर्थन मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *