
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टाटा टिनप्लेट कंपनी परिसर में शुक्रवार को एक बार फिर औद्योगिक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों के बीच चिंता बढ़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों मजदूर बीएन दत्ता कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधीन कार्यरत थे। हादसा होने के बाद दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल मजदूर का इलाज जारी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक और घायल मजदूर की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी।
घटना किन परिस्थितियों में हुई और मजदूर किस कार्य में लगे हुए थे, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो पाया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गोलमुरी थाना के एएसआई अजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वे जांच के लिए मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों और परिस्थितियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
गौरतलब है कि महज दो दिन पहले भी टाटा टिनप्लेट कंपनी परिसर में हुए एक अन्य हादसे में एक ठेका मजदूर की मौत हो गई थी। कम समय के भीतर लगातार दो मजदूरों की जान जाने की घटनाओं ने कंपनी में कार्यस्थल सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस जांच और कंपनी की आंतरिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।