
सरायकेला झारखंड राज्य सहकारी बैंक से जुड़े करीब 35 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय अनियमितता मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह सरायकेला में कार्रवाई की। ED की टीम ने पटनायक टोला स्थित ठेकेदार संजय कुमार डालमिया के आवास पर छापेमारी कर दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच की।
बताया जा रहा है कि ED की टीम सुबह करीब सात बजे तीन वाहनों से संजय डालमिया के आवास पहुंची। इसके बाद टीम ने घर में प्रवेश कर विभिन्न कमरों और स्थानों पर तलाशी शुरू की। जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों समेत अन्य सामान को खंगाले जाने की सूचना है। कार्रवाई के दौरान आवास के आसपास लोगों की आवाजाही भी सीमित रही।
मामला झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक की सरायकेला शाखा से जुड़े ऋण और कथित वित्तीय गड़बड़ी से संबंधित बताया जा रहा है। झारखंड हाईकोर्ट के रिकॉर्ड में इस मामले की जांच के दौरान संजय कुमार डालमिया से जुड़े खातों में 32.01 करोड़ रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी का उल्लेख किया गया है। मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक सुनील कुमार सतपति से जुड़ी राशि का भी जिक्र सामने आया है।
इस प्रकरण को लेकर संजय कुमार डालमिया और तत्कालीन शाखा प्रबंधक सुनील कुमार सतपति समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले से जुड़े वित्तीय पहलुओं की जांच के क्रम में ED की शुक्रवार की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, ED की ओर से अभी तक छापेमारी के विस्तृत आधिकारिक कारण, जांच में सामने आए तथ्यों अथवा किसी सामान या दस्तावेज की बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।