अवैध गांजा कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 3.680 किलो गांजा व 1299 पुड़िया बरामद, दो गिरफ्तार

Spread the love


जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आजादनगर थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 3.680 किलोग्राम गांजा, 1299 पुड़िया, नकद राशि, मोबाइल फोन, क्यूआर कोड सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, आजादनगर थाना कांड संख्या 73/26, दिनांक 10 सितंबर 2026 के तहत मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बारिश कॉलोनी, बेहरा बगान रोड नंबर-4 स्थित एक मकान में छापेमारी की। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए बिनीता तिर्की के घर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान घर से करीब 3.680 किलोग्राम गांजा, कुल 1299 पुड़िया, नकद राशि, मोबाइल फोन, गांजा बिक्री से जुड़े क्यूआर कोड तथा पैकिंग सामग्री बरामद की गई। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि उक्त मकान का इस्तेमाल गांजा को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर उसकी बिक्री करने के लिए किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बिनीता तिर्की के सहयोगी अब्दुल शकील को भी गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि गांजा बुंडू (रांची) निवासी ‘धोनी’ नामक व्यक्ति से प्राप्त किया जाता था, जिसे आजादनगर, मानगो, कपाली और आसपास के इलाकों में बेचने का काम किया जाता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत के लिए न्यायालय भेजा जा रहा है। वहीं, गांजा सप्लाई करने वाले बुंडू निवासी कथित आरोपी ‘धोनी’ की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
बिनीता तिर्की (59 वर्ष), निवासी बारिश कॉलोनी रोड नंबर-4, बेहरा बगान, आजादनगर।
अब्दुल शकील (69 वर्ष), निवासी ग्रीन वैली रोड नंबर-17, हुसैनी मोहल्ला, आजादनगर।
बरामद सामग्री:
3.680 किलोग्राम गांजा (1299 पुड़िया)
₹6,590 नकद
एक कीपैड मोबाइल
दो क्यूआर कोड
गांजा पैकिंग के लिए प्लास्टिक रैपर
ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज
पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *