सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, महिलाओं की रही विशेष भागीदारी


जमशेदपुर: सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर सोमवार सुबह से ही जमशेदपुर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु तड़के से ही कतारों में खड़े नजर आए। विशेष रूप से महिलाओं की संख्या अधिक रही, जिन्होंने पूरे श्रद्धाभाव के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं ने दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा, आक और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गुंजायमान रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपनी व्यक्तिगत इच्छाओं की पूर्ति के साथ-साथ झारखंड और पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की भी कामना की। कई मंदिरों में भक्तों की सुविधा के लिए स्वयंसेवकों और मंदिर समिति की ओर से पेयजल, कतार व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *