
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित गदरा के पास अप्रैल माह में मिले गुलशन कुमार उर्फ गुलशन प्रसाद के शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गुलशन की हत्या उसके ही पुराने केस पार्टनर जय कर्मकार ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, जय कर्मकार और गुलशन वर्ष 2022 में डकैती के एक मामले में साथ जेल जा चुके थे। जेल से बाहर आने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई।
जांच में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन उसने अपने चार साथियों के साथ पहले गुलशन की बेरहमी से पिटाई की। जब वह गंभीर रूप से घायल हो गया, तब रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वारदात को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से शव को रेल लाइन के किनारे फेंक दिया गया, ताकि मामला ट्रेन से कटकर मौत का प्रतीत हो।
गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि अप्रैल माह में रेल लाइन के पास गुलशन का शव मिलने के बाद शुरुआती तौर पर परिजनों की शिकायत पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने जय कर्मकार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।