
जमशेदपुर: शहर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही अब इस हत्याकांड के सभी 14आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। इस संबंध में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने पूरी कार्रवाई की जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघवेन्द्र कुमार उर्फ रविन्द्र कुमार उर्फ घेरे (40) और गणेश मछुवा (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गणेश मछुवा की निशानदेही पर घटना के बाद मुख्य आरोपियों को फरार कराने और सुरक्षित ठिकाने तक पहुंचाने में इस्तेमाल की गई TVS एक्टिवा स्कूटी (JH05EH6474) भी बरामद कर ली गई है।
सिटी एसपी ने बताया कि 27 जून की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के समीप हिमांशु पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना तंत्र और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।
जांच के दौरान पहले ही 14 नामजद और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। शेष दो आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी, जिन्हें अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गणेश मछुवा ने मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेन्द्र उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार गणेश का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह अवैध शराब से जुड़े मामलों में पहले दो बार जेल जा चुका है।
सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने कहा कि सभी 16 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ इस हत्याकांड की जांच ने एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। पुलिस अब मामले में साक्ष्यों को और मजबूत करते हुए आरोपियों के खिलाफ शीघ्र चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।