मानगो में अपराध और नशे पर लगाम कसने को पुलिस सक्रिय, शांति समिति की बैठक में लोगों से मांगे सुझाव

Spread the love


जमशेदपुर: शहर में बढ़ते अपराध और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जनसहभागिता बढ़ाने की पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को मानगो थाना परिसर में शांति समिति एवं पुलिस समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी लेना और अपराध नियंत्रण की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करना था।
बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी, मानगो थाना के पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के कई गणमान्य और शिक्षित नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान लोगों ने अपने-अपने मोहल्लों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, नशे के अवैध कारोबार, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को पुलिस के समक्ष रखा।
पुलिस अधिकारियों ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा भरोसा दिलाया कि प्रत्येक सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी बिना किसी भय के पुलिस को दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि वरीय आरक्षी अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में इस तरह की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। मानगो थाना क्षेत्र के लोगों ने भी कई महत्वपूर्ण सुझाव और जानकारियां साझा की हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अपराधियों और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अपराध मुक्त समाज के निर्माण में आम नागरिकों का सहयोग पुलिस के लिए सबसे महत्वपूर्ण है और पुलिस-जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *