आदित्यपुर में खूनी संघर्ष: युवक की हत्या से इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love


आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर मैदान में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवनारायणपुर निवासी गौतम मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर रात किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान गौतम मुंडा पर धारदार हथियार और पत्थरों से सिर पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल गौतम को गंगोत्री नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद शिवनारायणपुर और आसपास के क्षेत्रों में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *