
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-220 (एनएच-220) पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो लोगों की जान ले ली, जबकि दो अन्य चालक घायल हो गए। राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर रोला-खैरबनी मोड़ के समीप हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों चालक उसमें फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 12:30 बजे हुई। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रेलर चालक की घटनास्थल पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, दूसरे वाहन के चालक को स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के कुछ ही देर बाद पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर चालकों ने अपने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने के कारण दोनों ट्रेलर आपस में टकरा गए और सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दुर्घटना में दोनों चालक घायल हो गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लग गया। मंगलवार सुबह तक जले हुए वाहनों से धुआं निकलता रहा। दोनों भारी वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-220 पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ रही है, जबकि सड़क अब भी संकरी है। उनका आरोप है कि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं के बावजूद सड़क चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन और सरकार से जल्द सड़क का फोरलेन निर्माण, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो यह राष्ट्रीय राजमार्ग आगे भी जानलेवा साबित होता रहेगा।