घायल युवती को इलाज के लिए भेजा गया अस्पताल, फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी पुलिस

Spread the love


जमशेदपुर: शहर के जुबली पार्क रोड पर सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज गति से आ रही बाइक ने स्कूटी tसवार युवती को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल युवती की पहचान कदमा निवासी सपना के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को सड़क से उठाया और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। सूचना मिलते ही एसआरटी (SRT) टीम भी मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, युवती की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक अत्यधिक तेज गति से चल रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार बाइक चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
लगातार बढ़ रही हिट एंड रन की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा प्रमुख सड़कों पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *