
जमशेदपुर : सी.पी. कबीर क्लब, टुईलाडूंगरी द्वारा सतगुरु कबीर जयंती के शुभ अवसर पर एक दिवसीय सत्संग समारोह, विचार गोष्ठी एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के कबीर आश्रम दुपचेरा, जिला बालौद से पधारे पूज्य संत श्री दिनेंद्र साहेब एवं संत श्री मीतेश साहेब ने अपनी अमृतवाणी से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश प्रदान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे बीजक पाठ से हुई। इसके बाद सुबह 10 बजे दीप प्रज्वलन एवं ध्वजारोहण का आयोजन किया गया, जिसमें क्लब के महंत, पदाधिकारियों, प्रमुख सदस्यों एवं महिला समिति की सदस्यों ने भाग लिया।
दोपहर 12 बजे महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अवसर पर पूज्य संत श्री जिनेंद्र दास साहेब ने अपने प्रवचन में कहा कि यदि सद्गुरु कबीर साहेब के जीवन-दर्शन और उनके संदेश को सही मायने में समझना है, तो बीजक का अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बीजक में किसी विशेष जाति, धर्म, पंथ या संप्रदाय की सीमाएं नहीं हैं, बल्कि यह समस्त मानव समाज को प्रेम, समानता और सदाचार के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
शाम के सत्र में प्रवचन, सामूहिक बीजक पाठ, गुरु पूजा, भेंट एवं संध्या आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों से आए महंतों एवं अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच “श्रीमान भाग्यशाली” एवं “श्रीमती भाग्यशाली” पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए भोग-प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया।
इस सफल आयोजन में क्लब के अध्यक्ष मनमोहन लाल, महासचिव चंद्रिका प्रसाद सहित सूकालु, अजय कुमार, महंत टीकाराम, अन्नू, तुलसी, निषाद, त्रिवेणी, संतोष, वीरेंद्र, कुंजन प्रसाद, बहार लाल, जितेंद्र तथा महिला समिति की अध्यक्ष देवकी साहू, सरिता साहू, मंजू साहू, हेमा साहू, जमुना, नीतू, कमला, हर्षा, सावित्री, गौरी, बेबी, पुष्पा एवं जयश्री सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।