
साकची थाना क्षेत्र के बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के पास 19 जून की रात करीब 10 बजे हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में साकची थाना में कांड संख्या 49/2026 के तहत धारा 109, 308(4) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटनास्थल से पुलिस ने 7.65 एमएम का एक खोखा भी बरामद किया था। सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया किघटना के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में डीएसपी सिटी की अगुवाई में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर मामले में संलिप्त अपराधी की पहचान कर ली। 21 जून को पुलिस ने आरोपी विपिन शुक्ला (28 वर्ष) को हाथीघोड़ा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह पुलिस से बचने के लिए लगातार छिपा हुआ था और अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश के भदोही भागने के इरादे से मानगो बस स्टैंड जा रहा था।गिरफ्तार आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के दुईलाडुंगरी का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर स्वर्णरेखा नदी के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया घटना में प्रयुक्त एक अवैध देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद कर जब्त कर लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। घटना के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन और 7.65 एमएम का एक खोखा बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।