गंडा समाज ने अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

Spread the love

जमशेदपुर, 19 जून 2026 : गंडा समाज के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को झारखंड में गंडा जाति को अनुसूचित जाति (एससी) की सूची में शामिल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तथा राज्यपाल के नाम पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के महिला और पुरुष सदस्य मौजूद रहे।
गंडा समाज के नरेश कुमार टांडिया ने कहा कि समाज लंबे समय से गंडा जाति को अनुसूचित जाति का दर्जा देने की मांग कर रहा है। उन्होंने बताया कि झारखंड के विभिन्न जिलों में लगभग डेढ़ लाख गंडा समाज के लोग निवास करते हैं और इनमें कई परिवार टाटा कंपनी की स्थापना के समय से यहां बसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में गंडा जाति को अनुसूचित जाति का दर्जा प्राप्त है, ऐसे में झारखंड में भी यह सुविधा मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण समाज के बच्चों को शिक्षा और युवाओं को सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। समाज ने झारखंड सरकार से जल्द गंडा जाति को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। इस अवसर पर नरेश कुमार टांडिया सहित समाज के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *