उलीडीह गोलीकांड का खुलासा: नशे के दौरान पैसों के विवाद में चली गोली, तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-4 स्थित खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में गंभीर रूप से घायल हुए राजनगर निवासी 21 वर्षीय देवदास गोप उर्फ देव को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस के अनुसार, 16 जून की रात करीब 11 बजे एमजीएम थाना को सूचना मिली कि गोली लगने से घायल एक युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआत में घटनास्थल स्पष्ट नहीं होने के कारण एमजीएम थाना और उलीडीह ओपी की पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में जांच शुरू की। सत्यापन के दौरान पता चला कि फायरिंग की घटना उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-4 स्थित खड़िया बस्ती में हुई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण (प्रभार में नगर) पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एमजीएम थाना और उलीडीह ओपी की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घायल देवदास गोप को अस्पताल पहुंचाने वाले युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में नीरज प्रधान और देवाशीष प्रधान ने बताया कि घटना के समय सभी लोग नीरज प्रधान के घर पर बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नीरज प्रधान ने अपने पास रखे पिस्टल से देवदास गोप को गोली मार दी।
गोली लगने के बाद नीरज प्रधान और देवाशीष प्रधान घायल देवदास को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां से निकलने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर घटनास्थल की पुष्टि करते हुए घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
नीरज प्रधान (23 वर्ष), निवासी शंकोसाई रोड नंबर-5, अलमीरा फैक्ट्री के समीप, उलीडीह ओपी, जमशेदपुर।
देवाशीष प्रधान (21 वर्ष), निवासी बेटकलसाई, जगन्नाथ मंदिर के समीप, केन्दमुण्डी, थाना राजनगर, सरायकेला-खरसावां।
शिवा गौड़ा, निवासी शंकोसाई रोड नंबर-5, अलमीरा फै्ट्री के समीप, जमशेदपुर।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं बरामद हथियार के संबंध में भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *