
पाकुड़ के हिरणपुर थाना क्षेत्र के घाघरजानी गांव में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 25 ग्राम ब्राउन शुगर, 1.6 किलोग्राम गांजा, चार इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, एक चिलम, करीब 1000 प्लास्टिक पैकिंग पन्नियां तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि घाघरजानी स्थित कृष्णा साहा के बंद पड़े घर में ब्राउन शुगर और गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के आसपास कुछ लोगों को नशा करते पाया। पुलिस को देखते ही कई लोग भागने लगे, जबकि मौके से कृष्णा कुमार साहा (33 वर्ष) और सुरज कुमार दुबे (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद घर की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ एवं तस्करी में प्रयुक्त सामान बरामद हुआ।इस मामले में हिरणपुर थाना कांड संख्या 40/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुरज कुमार दुबे के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई में हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।