

जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग मामले में गिरफ्तार बदमाशों को लेकर पुलिस देर रात हथियार बरामद करने पहुंची थी। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, टेल्को क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे बदमाशों ने पहले भी पुलिस पर फायरिंग की थी। पीछा कर रही पुलिस ने दो अपराधियों को पकड़ लिया था, जिनमें हरपाल उर्फ गबरू भी शामिल था।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को लेकर देर रात सिदगोड़ा टाउन हॉल स्थित शौचालय के पास हथियार बरामदगी के लिए गई थी। इसी दौरान हरपाल उर्फ गबरू ने मौके का फायदा उठाते हुए जवान सुशांत सुंडी की पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने लगातार तीन राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि सुशांत सुंडी बाल-बाल बच गए और किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं लगी।
स्थिति को गंभीर होते देख टाइगर मोबाइल के जवान शम्स तबरेज ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने आरोपी को निशाना बनाकर गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। गोली लगते ही आरोपी घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा अपने कब्जे में ले लिया।
घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा आरोपी से पूछताछ जारी है।