दलमा की नई पहचान बना नन्हा गजराज ‘बादल’, पर्यटकों का बना चहेता

Spread the love

जमशेदपुर: दलमा वन्यजीव अभयारण्य में इन दिनों नन्हा हाथी ‘बादल’ पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। अपनी चंचल हरकतों, मासूम अदाओं और शरारती स्वभाव से वह हर किसी का दिल जीत रहा है। जंगल की वादियों में उछल-कूद करता यह नन्हा गजराज अब दलमा की नई पहचान बनता जा रहा है।
, करीब छह माह पहले पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा क्षेत्र के जंगलों में बादल घायल और असहाय अवस्था में मिला था। वन विभाग की टीम ने उसका रेस्क्यू कर दलमा लाकर विशेषज्ञों की देखरेख में इलाज शुरू कराया। लगातार उपचार, बेहतर पोषण और विशेष देखभाल के बाद अब वह पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है।
स्वस्थ होने के साथ ही बादल की चंचलता भी लौट आई है। वह अपने महावतों और वनकर्मियों के साथ खेलता-कूदता नजर आता है। फुटबॉल के प्रति उसका खास लगाव लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। कई बार वह अपनी सूंड से गेंद को धकेलते हुए खेलता दिखाई देता है, जिसे देखकर पर्यटक काफी उत्साहित हो जाते हैं।
गर्मी के दिनों में बादल का स्विमिंग पूल में मस्ती करना भी लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। पानी में उसकी अठखेलियां और शरारतें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। पर्यटक उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं, जिससे उसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
दलमा आने वाले पर्यटक अब सिर्फ जंगल सफारी का आनंद लेने नहीं, बल्कि नन्हे बादल की एक झलक पाने के लिए भी उत्सुक रहते हैं। बच्चों और परिवारों के बीच उसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। डीएफओ सबा आलम अंसारी बताया कि बादल पूरी तरह स्वस्थ है और तेजी से विकसित हो रहा है।
दलमा में पहले से मौजूद पालतू हथिनी ‘रजनी’ के साथ अब नन्हा गजराज ‘बादल’ भी पर्यटकों का पसंदीदा बन गया है। उसकी मौजूदगी ने दलमा वन्यजीव अभयारण्य की रौनक में चार चांद लगा दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *