घर में सो रहे युवक को मारी गईं पांच गोलियां, इलाज के दौरान मौत, इलाके में दहशत नामजद आरोपियों पर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

समस्तीपुर: जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल है। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मोरवा डीह वार्ड संख्या-11 निवासी प्रमोद झा के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात सुजीत कुमार अपने घर में सो रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में उन्हें पांच गोलियां लगने की बात सामने आ रही है।
गोली लगने के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने मंटुन झा और उनके दोनों पुत्रों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पोस्टमार्टम के दौरान सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक सुजीत कुमार के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज थे और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस साक्ष्य जुटा रही है।
फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *