
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ युवक छह बकरियां चोरी कर कार से फरार हो गए। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण चोरी की वारदात का जल्द खुलासा हो गया। तीन थाना की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली निवासी मोहम्मद निशाद अंसारी अपने दो साथियों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से चाकुलिया की मुस्लिम बस्ती पहुंचे थे। आरोप है कि तीनों ने वहां से छह बकरियां चोरी कर कार में लाद लीं और धालभूमगढ़ की ओर भागने लगे। इसी दौरान स्थानीय लोगों को घटना की भनक लग गई और उन्होंने आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया।
भागने के दौरान आरोपियों ने पीछा कर रहे मुस्लिम बस्ती निवासी मोहम्मद निहाल की डिजायर कार को जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि निहाल ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी क्षतिग्रस्त कार से ही चोरों का पीछा जारी रखा। साथ ही उन्होंने घटना की सूचना चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार को दी।
सूचना मिलते ही चाकुलिया पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी ने तत्काल धालभूमगढ़ और घाटशिला थाना को अलर्ट करते हुए संभावित मार्गों पर नाकेबंदी कराई। पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त घेराबंदी के बाद घाटशिला प्रखंड के तामुकपाल के पास एनएच-18 पर संदिग्ध कार को रोक लिया गया।
कार से छह चोरी की बकरियां बरामद की गईं। मौके से मोहम्मद निशाद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें से ब्रेड के कई पैकेट भी मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।