
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह छाया नगर स्थित नंदन टेंट हाउस के गोदाम में रविवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं तेजी से फैलने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
सूचना मिलते ही टाटा स्टील की एक और झारखंड सरकार की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। यदि आग पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास के मकानों और दुकानों तक आग फैलने की आशंका थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना की जानकारी देते हुए सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गोदाम में रखे टेंट, कपड़े और अन्य सामान के जलने की आशंका जताई जा रही है।
