
जमशेदपुर: झारखंड पैरालंपिक समिति (पीसीजे) के समर्थन से 25वीं राज्य पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 तथा 6वीं राज्य पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 7 से 8 फरवरी तक जमशेदपुर स्थित जे.आर.डी. टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। इस दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के 18 जिलों से करीब डेढ़ सौ दिव्यांग खिलाड़ी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
आयोजन से जुड़े पूर्वी घोष ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता के तहत एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं के साथ-साथ पैरा बैडमिंटन के मुकाबले भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें खिलाड़ी उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन समिति की ओर से खिलाड़ियों के रहने, खाने और चिकित्सा सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षक एवं अभिभावकों की भी अच्छी उपस्थिति देखी जा रही है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश भी दिया जा रहा है।
