
राँची राजधानी राँची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, यह वारदात बुधवार देर रात हुई है।
जानकारी के अनुसार, धुर्वा का रहने वाला अभिषेक उर्फ लल्लू अपने कई साथियों के साथ इंद्रपुरी स्थित विकास महतो के घर पहुंचा था। बताया जा रहा है, कि अभिषेक और विकास के बीच लंबे समय से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी विवाद के चलते लल्लू अपने साथियों के साथ अचानक विकास महतो के घर आया और उसे तलाशने लगा। घर का मुख्य गेट बंद होने के कारण आरोपी अंदर प्रवेश नहीं कर पाए, जिसके बाद उन्होंने गेट के बाहर से ही फायरिंग कर दी।
इस गोलीबारी में विकास महतो के छोटे भाई छोटू महतो उर्फ मिथिलेश को गोली लग गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि घटना में शामिल अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।