
राजनगर: -सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-220 मुख्य मार्ग पर रघुनाथपुर के समीप बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान हो गई है। मृतकों में बीजाडीह गांव निवासी रौनक लुगुन उर्फ गोलू (17 वर्ष) और गुलशन सुंडी शामिल हैं। दोनों की असामयिक मौत की खबर से बीजाडीह गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 11:30 बजे किसी व्यक्ति द्वारा 108 एंबुलेंस को सड़क दुर्घटना की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल अवस्था में था। दोनों को तत्काल 108 एंबुलेंस से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज के दौरान दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया।
वहीं अस्पताल पहुंचे रौनक उर्फ गोलू की मां ने बताया कि रौनक कक्षा नौवीं का छात्र था और नेता तिरिल स्कूल में पढ़ाई करता था। गुरुवार को जामडीह में आयोजित सोहराय पर्व मनाने के लिए वह अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। इसी दौरान स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के लिए दोनों मुख्य मार्ग की ओर आए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
दुर्घटनाग्रस्त दोपहिया वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर JH 22H 2751 बताया गया है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। प्रारंभिक आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। जिस उम्र में रौनक को पढ़ाई और अपने सपनों को पूरा करना था, उस उम्र में उसकी असमय मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। वहीं गुलशन सुंडी की मौत से भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और हादसे में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।